Showing posts with label समय. Show all posts
Showing posts with label समय. Show all posts

Friday, 27 June 2014

जीवन

जीवन सतत संघर्ष
कभी अपने से
कभी अपनों से
और कभी परिस्थितियों से,
एक नदी की तरह
जो टकराती राह में
कठोर चट्टानों से
और बढ़ती जाती
लेकर साथ दोनों किनारों को 
अविचल आगे राह में
अपनी मंज़िल सागर की ओर.

आने पर मंजिल
खो देती अपना अस्तित्व
विशाल सागर में,
छोड़ देते साथ किनारे
लेकर सदैव साथ जिनको
की थी यात्रा मंजिल तक.

नहीं है रुकता समय
किसी के चाहने पर,
नहीं होती पूरी सब इच्छायें
कभी किसी जन की,
असंतुष्टि जनित आक्रोश
कर देता अस्थिर मन
और भूल जाते हम
उद्देश्य अपने जन्म का.


...कैलाश शर्मा 

Saturday, 1 February 2014

खुशियाँ

जीवन का उद्देश्य 
प्राप्ति असीम सुख की,
दौड़ते रहते उसके पीछे।
बदल जाती परिभाषा सुख की
व्यक्ति व परिस्थिति अनुसार
लेकिन बदलता नहीं लक्ष्य।

होता है मष्तिष्क बचपन में 
पवित्र एवं इक्षुक सीखने का,
शीशे का एक रंगीन टुकड़ा 
और एक बहुमूल्य हीरा 
देता है समान ख़ुशी.

जैसे जैसे होता विस्तार 
मष्तिस्क और अनुभवों का,
बढ़ती जाती इच्छायें 
ऊंचे होते जाते लक्ष्य
बढ़ती जाती गांठें कुंठाओं की,
दूर होते जाते खुशियों से।

स्थिर करो मन एक लक्ष्य पर 
शून्य हो जायें सीमायें समय की,
विलीन हो जायेंगी चिंतायें
जब मुक्त हो जाओगे 
खोने या पाने के भय से।

....कैलाश शर्मा